मुंबई। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को कहा कि राज्य में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले मुआवजा मिल सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि बाढ़ से हुए नुकसान की वास्तविक तस्वीर पांच अक्टूबर तक सामने आएगी।
बावनकुले ने संवाददाताओं से कहा, “हम किसानों को वित्तीय सहायता देने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पर्याप्त प्रावधान हैं। हमारी कोशिश होगी कि दिवाली से पहले किसानों को राहत मिल जाए।”
मंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के मानदंडों के तहत दी जाने वाली राशि पर्याप्त नहीं होगी, क्योंकि किसानों ने अधिक सहायता की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को NDRF के तहत निर्धारित राशि से अधिक मदद मिले।
बावनकुले ने जोर देकर कहा कि सभी जिला संरक्षक मंत्रियों को जिलाधिकारियों के साथ बैठक करनी चाहिए और राजस्व अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गहन सर्वेक्षण करने के निर्देश देने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर जानकारी गलत दर्ज की गई तो इसका प्रभाव सीधे किसानों पर पड़ेगा।
राजस्व मंत्री के अनुसार, यह कदम किसानों को वास्तविक राहत और दिवाली के अवसर पर वित्तीय सहारा देने के लिए उठाया जा रहा है।








