बेंगलुरु। कर्नाटक पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के अलग-अलग मामलों में दो विदेशी नागरिकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 9.93 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। यह कार्रवाई बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) की मादक पदार्थ निरोधक टीम द्वारा पिछले 10 दिनों में की गई।
पुलिस ने अभियानों में 3.858 किलोग्राम एमडीएमए क्रिस्टल, 41 ग्राम एक्स्टसी गोलियां, 1.82 किलोग्राम हाइड्रो गांजा और छह किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा एक कार और एक दोपहिया वाहन, जिन्हें कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किया गया था, भी जब्त किया गया।
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो विदेशी नागरिक शामिल हैं। उन्होंने कहा, “कुल 9.93 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिसमें एमडीएमए और एक्स्टसी गोलियों की अनुमानित कीमत 7.80 करोड़ रुपये है।”
सिंह ने यह भी बताया कि एक मामले में डाकघर के माध्यम से विदेश से कूरियर सेवा द्वारा लाया जा रहा हाइड्रो गांजा भी बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है और आगे भी ऐसे अभियानों को तेज किया जाएगा।









