नई दिल्ली। अभिनेता सोनू सूद बुधवार को ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप ‘1एक्सबेट’ से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। अधिकारियों के अनुसार, सूद दोपहर लगभग 12 बजे मध्य दिल्ली स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे।
ईडी के जांच अधिकारी अभिनेता से पूछताछ करेंगे और धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत उनका बयान दर्ज करेंगे। यह जांच भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े वित्तीय अपराधों की व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है।
इस जांच में पहले भी कई प्रमुख हस्तियों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा, युवराज सिंह, तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा और कुछ महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन मशहूर हस्तियों से कैसे संपर्क किया गया और प्रचार में उनका समर्थन लिया गया। भविष्य में एजेंसी कुछ और खिलाड़ियों, फिल्म अभिनेताओं और अन्य हस्तियों से पूछताछ कर सकती है।
ईडी जल्द ही उन व्यक्तियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है, जिन्होंने ऐप की प्रचार गतिविधियों से उत्पन्न कथित अपराध की आय का उपयोग किया। इसके बाद अदालत में आरोप-पत्र दाखिल किया जाएगा।
केंद्र सरकार ने हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी पर कड़ा प्रतिबंध लगाया है। ईडी ने इस क्षेत्र में कथित वित्तीय अपराधों की जांच के लिए केंद्रित रणनीति अपनाई है और मशहूर हस्तियों की भागीदारी को लेकर सख्त रुख अपनाया है।











