कलमना के न्यू साईं नगर में दर्दनाक हादसा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। कलमना थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार एसटी बस ने बाइक सवार शिक्षक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक वाहन को डिपो में खड़ा कर पुलिस के सामने पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक हादसा कामठी रोड स्थित न्यू ओम साईं नगर परिसर में हुआ। जानकारी के मुताबिक, येरखेड़ा, कामठी निवासी 41 वर्षीय नीलेश मुरलीधर पारधी यशोधरा नगर स्थित सावित्रीबाई फुले कन्या विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार को सुबह वह अपनी बाइक से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान न्यू ओम साईं नगर के स्पीड ब्रेकर पर एक तेज रफ्तार एसटी बस अनियंत्रित हो गई और नीलेश उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से बस लेकर कलमना डिपो पहुंचा और वहां घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और आरोपी बस चालक को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में स्पीड ब्रेकर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।













