नागपुर। एलएडी चौक पर भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमूल दूध सप्लाई करने वाला टाटा इंट्रा कमर्शियल वाहन टाटा वी-30, क्रमांक एमएच-31-जीडी-0585 रामनगर से अभ्यंकर नगर की ओर एलएडी चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान शंकर नगर चौक से अंबाझरी टी-पॉइंट जा रही महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल की बस क्रमांक एमएच-40-वाई-5127 ने टाटा इंट्रा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तेज रफ्तार से टाटा वाहन अनियंत्रित होकर चौक पर खड़े लोगों की ओर जा घुसा और तीन लोगों को चपेट में ले लिया।
हादसे में सुनील आनंदराव जाधव (65) निवासी कॉर्पोरेशन कॉलोनी, नागपुर की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील कुशालराव गुडदे (62) निवासी गांधीनगर, अंबाझरी और शैलेंद्र मारोतराव किनगांवकर (62) निवासी कॉर्पोरेशन कॉलोनी, बजाज नगर थाना क्षेत्र गंभीर रूप से घायल हुए। टाटा इंट्रा चालक अभिषेक दुर्गाप्रसाद जगणे (23) निवासी खापरखेड़ा, कोराडी रोड भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जा सके। हादसे के बाद कुछ देर चौक पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।
वाहनों की लगी कतार
मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की बस और दूध से भरे मालवाहक वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।












