नागपुर। विधान परिषद के उपसभापति और शिवसेना (शिंदे) के वरिष्ठ नेता सचिन अहिर ने कहा कि विदर्भ में शिवसेना संगठन को और मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। विदर्भ में पार्टी का संगठन अपेक्षित रूप से मजबूत नहीं रहा है, लेकिन आने वाले समय में जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए पार्टी की ताकत बढ़ाई जाएगी। विकास की राजनीति से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेता व कार्यकर्ता शिवसेना के साथ जुड़ना चाहते हैं। ऐसे सभी लोगों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। सोमवार को सिविल लाइंस स्थित चिटणवीस सेंटर में आयोजित सत्कार समारोह में अपने सम्मान के जवाब में सचिन अहिर बोल रहे थे। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य कृपाल तुमाने, शिवसेना के पूर्व विदर्भ संगठक किरण पांडव, जिला प्रमुख सूरज गोजे, रवीनीश पांडेय सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। अहिर ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। नागपुर और विदर्भ से उनका पुराना और गहरा लगाव है। विदर्भ के प्रत्येक जिले और तहसील तक शिवसेना का कार्यकर्ता सक्रिय रूप से काम करे, यह आने वाले समय की प्राथमिकता रहेगी। संगठन को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों के सवालों और स्थानीय समस्याओं से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विदर्भ के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय हैं। किसान, युवा, रोजगार, उद्योग, बुनियादी सुविधाएं और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है।
हमारा तोड़ने का कोई इरादा नहीं : अहीर
शिवसेना (शिंदे समूह) के नेता और उपाध्यक्ष सचिन अहीर ने नागपुर में दावा किया कि ठाकरे समूह के कई विधायक हमसे बातचीत करते हैं और विकास कार्यों के अवसर पर संपर्क में रहते हैं, लेकिन आज भी हमारा तोड़ने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की। अहीर ने ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बारे में बात करते हुए कहा कि यह नाम मीडिया ने दिया है। हालांकि विकास कार्य चल रहे हैं, फिर भी कुछ लोगों और विधायकों में इस बात को लेकर असमंजस और बेचैनी है कि वे अगले चुनावों में कैसे चुने जाएंगे। पार्षदों के साथ भी यही स्थिति है, और जो पार्षद खुद हमसे संपर्क करते हैं, उनसे हम बातचीत करते हैं, लेकिन हमने अपनी ओर से किसी को तोड़ने की कोशिश नहीं की है।












