नागपुर। सीताबर्डी पुलिस की तत्परता और एक ऑटो चालक की ईमानदारी के चलते एक महिला का ऑटो में छूटा करीब 6 लाख 10 हजार रुपये कीमत का कीमती सामान सुरक्षित वापस मिल गया। महिला झांसी रानी चौक से ऑटो के जरिए सीताबर्डी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान उसका बैंगनी रंग का बैग ऑटो में ही छूट गया था। मामले की जानकारी मिलते ही सीताबर्डी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक से संपर्क साधा और बैग बरामद कर महिला को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे फरियादी मोनिका संदीप शाहू (32), निवासी चिंचड़ा, तहसील मुलताई, जिला बैतूल,
मध्य प्रदेश, अपने भाई, बच्चों और अन्य रिश्तेदारों के साथ झांसी रानी चौक से ऑटो द्वारा सीताबर्डी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उन्हें अपने पास मौजूद बैंगनी रंग का बैग ऑटो में छूट जाने का पता चला। इसके बाद महिला ने सीताबर्डी पुलिस थाने में पहुंचकर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दिन-रात ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की मदद से ऑटो का
तकनीकी विवरण और नंबर ट्रेस किया। इसके बाद संबंधित ऑटो चालक का नाम और मोबाइल नंबर हासिल कर उससे संपर्क किया गया। पुलिस की सूचना पर ऑटो चालक अहमदशाह अय्युबशाह तत्काल पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने ऑटो की जांच की तो उसमें महिला का बैग सुरक्षित मिला। बैग के अंदर कपड़े व अन्य सामान के साथ करीब 40 ग्राम वजन के सोने के आभूषण तथा चांदी के आभूषण मौजूद थे।













