आतंकी विस्फोटक से भरी गाड़ी लेकर टकराया
एजेंसी इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार की नमाज के दौरान मस्जिद के पास धमाका हुआ। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में 5 पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं। धमाका इतना जोरदार था कि मस्जिद के बाहर का हिस्सा पूरी तरह टूट गया। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुराने पुलिस लाइंस के गेट पर विस्फोटक से भरी एक गाड़ी टकराई थी।
प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कोहाट पुलिस लाइंस में शुक्रवार की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 16 लोग मारे गए, जिनमें पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल थे। जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह ने बताया कि धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए हैं। इसके अलावा 50 से ज्यादा घायलों को भी अस्पताल लाया गया है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त पुलिस बल की टुकड़ी तैनात की गई। बचाव अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट से मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक दीवार भी ढह गई। घटना के बाद अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के यातायात के लिए बंद कर दिया है। अस्पताल प्रशासन ने बाद में बताया कि कम से कम 50 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है।














