लोकवाहिनी, संवाददाता:कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए 142 विधानसभा सीटों पर सोमवार को प्रचार थम गया। पीएम मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह तक ने भाजपा के चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ रैलियां कीं। वहीं टीएमसी की ओर से सीएम ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कई रैलियों को संबोधित किया। ममता ने भवानीपुर में रोड शो करके अपने चुनाव प्रचार का अंत किया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की जनता को ओपन लेटर लिखा। प्रधानमंत्री मोदी ने लेटर में कहा- बंगाल में रैलियों और रोड शो के दौरान ऐसा लगा जैसे मैं किसी तीर्थयात्रा पर हूं। भीषण गर्मी के बावजूद थकान महसूस नहीं हुई और मां काली के भक्तों तथा लोगों के आशीर्वाद से ऊर्जा मिलती रही।
वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने बेहाला में जनसभा के दौरान कहा कि चुनाव के बाद भी कम से कम 60 दिनों तक केंद्रीय बल बंगाल में तैनात रहेंगे। राज्य में पहले चरण में बंपर वोटिंग हो चुकी है। अब दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। इस चुनाव में भाजपा और टीएमसी ने पूरी ताकत झोंक दी। इस बीच राज्य से चुनावी हिंसा की घटनाएं भी लगातार आ रही हैं। ताजा मामला उत्तर 24 परगना से सामने आया है। जहां भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। यह झड़प पुलिस और सीआईएसएफ जवानों की मौजूदगी में हुई। बीजेपी नेता का दावा है कि इस झड़प में बमबारी और गोलीबारी भी हुई, जिसमें सीआईएसएफ के जवान को भी गोली लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना के जगद्दल पुलिस स्टेशन के बाहर तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। बीजेपी ने टीएमसी के गुंडों पर भाजपा उम्मीदवारों पर हमला करने का आरोप लगाया। बताया गया कि जगद्दल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजेश कुमार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हालिया विवादित टिप्पणी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए जगद्दल पुलिस स्टेशन गए थे। वहीं भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह और उनके बेटे, जो खुद भी एक उम्मीदवार हैं, उनके साथ थे। पुलिस स्टेशन के सामने टीएमसी और भाजपा समर्थकों (अर्जुन सिंह सहित) के बीच आपस में झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान बम फेंके गए और गोलीबारी भी हुई। (पेज 6 पर)
टीएमसी सांसद की कार पर हमला,3 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के हुगली में सोमवार को टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ। हमला उस वक्त हुआ, जब मिताली बाग गोघाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। हमले में कार के शीशे टूट गए। सांसद और उनके ड्राइवर को चोट आई है। दोनों को आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद कैमरे के सामने मिताली बाग फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा, मेरी गाड़ी की हालत देखिए। उन लोगों ने बड़े-बड़े पत्थर फेंके। मैं किसी तरह जान बचाकर निकली हूं।
टीएमसी का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने गोघाट में सांसद की गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया। टीएमसी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा- गृह मंत्री अमित शाह ने धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। उसी के बाद यह हमला हुआ। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सिंतु संत्रा, सनातन संत्रा और राजकुमार रॉय के रूप में की गई है। दावा है कि तीनों भाजपा कार्यकर्ता हैं।









