50 नागरिक ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह में होंगे शामिल
लोकवाहिनी संवाददाता
गोंदिया। नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे गोंदिया जिले को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवडिया) में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह के लिए गोंदिया जिले के 50 नागरिकों का प्रतिनिधिमंडल विशेष अतिथि के रूप में रवाना हुआ है।
केंद्र सरकार की विशेष पहल के तहत महाराष्ट्र के पूर्व नक्सल प्रभावित गोंदिया, गडचिरोली और चंद्रपुर जिलों से 50-50 नागरिकों को इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का संकल्प निर्धारित किया था। ऐसे में इन क्षेत्रों के नागरिकों को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ में आयोजित समारोह में आमंत्रित करना शांति, विकास और जनभागीदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मार्गदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के समन्वय से इस दौरे की योजना बनाई गई। पहले चरण में 27 अक्टूबर को पुलिस निरीक्षक प्रमोद भालतनाने के साथ तीन नागरिकों को रवाना किया गया। इसके बाद 29 अक्टूबर को शेष 47 नागरिकों को उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेश शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रकार जिले के कुल 50 नागरिक राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए गुजरात पहुंचे हैं।
‘पुलिस दादालोरा खिड़की’ से विकास को मिला प्रोत्साहन
गोंदिया जिले के दुर्गम और आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, मोबाइल नेटवर्क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ने की बात कही जा रही है। गोंदिया पुलिस की ‘पुलिस दादालोरा खिड़की’ सामुदायिक पुलिसिंग पहल के माध्यम से रोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं को दूरदराज के नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल को प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने के एक माध्यम के रूप में देखा जा रहा है। गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने कहा कि नक्सलमुक्त, सुरक्षित और विकसित गोंदिया की परिकल्पना को साकार करने के लिए पुलिस विभाग प्रतिबद्ध है। जिले में शांति, विश्वास और विकास की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में गोंदिया के नागरिकों की भागीदारी जिले में हो रहे बदलावों और विकास की दिशा में जारी प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।













