बदरीनाथ से लौटने के दौरान चमोली में दुर्घटनाग्रस्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में बदरीनाथ धाम से लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सेना, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए। हादसे के बाद शवों को सड़क मार्ग तक लाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जहां से उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों की पहचान कैप्टन हिमांशु और पांच पुरुष यात्रियों प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने एहतियाती कदम उठाते हुए संबंधित कंपनी के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर का कॉल साइन वीटी-एचसीएफएक्स था। उड़ान के बाद हेलीकॉप्टर जब जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचा, तो अचानक कंट्रोल सेंटर से उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की ट्रैकिंग भी बंद हो गई। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका। बाद में सेना से मिली सूचना और स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन ने चाई और थैंग गांव के आसपास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की।
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग थे सवार
हादसे के समय हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे। इनमें पायलट कैप्टन हिमांशु और पांच यात्री शामिल थे। यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। UCADA के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, शुरुआती यात्री सूची में हेलीकॉप्टर में छह लोगों के सवार होने की जानकारी मिली थी। पायलट के अलावा सभी पांच यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे। यात्रियों की पहचान और उनसे जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि की जा रही है।













