छह मिनट बाद ही 50 रुपये शुल्क वसूली और नागरिकों की परेशानी को लेकर रेल प्रशासन का निषेध
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। रेलवे स्टेशन के संत्रा मार्केट की ओर स्थित प्रवेश द्वार पर पार्किंग व्यवस्था में अव्यवस्था के विरोध में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से बुधवार (25 नवंबर) को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के सामने थाली बजाकर आंदोलन किया गया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि संत्रा मार्केट गेट पर पार्किंग के नाम पर आम नागरिकों को परेशान किया जा रहा है। वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं होने से यहां अक्सर यातायात जाम की स्थिति बनती है।
विशेष रूप से, केवल छह मिनट की निःशुल्क अवधि समाप्त होने के बाद ही 50 रुपये शुल्क वसूले जाने से यात्रियों और नागरिकों में नाराजगी है। रेल प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए आंदोलनकारियों ने थालियां बजाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था तत्काल सुचारू करने, नागरिकों की परेशानी दूर करने और कथित अनुचित शुल्क वसूली पर रोक लगाने की मांग की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता प्रशांत पवार के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने रेल प्रशासन से नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कदम उठाने की मांग की।















