चारा संकट से निपटने प्रशासन की तैयारी, मक्का, सुपर नेपियर, बाजरा की खेती को जिलाधीश की मंजूरी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। संभावित चारा संकट से निपटने के लिए रामटेक तहसील के खिंडसी तालाब परिसर के सात गांवों की गादयुक्त जमीन पर चारा फसल लगाने की योजना तैयार की गई है। इन सात गांवों में प्रत्येक गांव में 150 एकड़ के हिसाब से कुल 1,050 एकड़ क्षेत्र में चारे की खेती की जाएगी। जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने इस योजना को मंजूरी प्रदान की है। गादयुक्त जमीन पर चारा फसल लगाने की योजना के संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में वे बोल रहे थे। इस दौरान निवासी उपजिलाधिकारी अनूप खांडे, रामटेक के उपविभागीय अधिकारी प्रियेश महाजन, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. अर्चना कडू, पशुसंवर्धन विभाग के अधिकारी बल्ली, खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
पानी की उपलब्धता के अनुसार फसलों का चयन
जिलाधिकारी ने बताया कि जमीन में पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखकर फसलों का चयन किया गया है। जिन क्षेत्रों में पानी के स्रोत उपलब्ध हैं, वहां मक्का लगाया जाएगा। मध्यम जल उपलब्धता वाले क्षेत्रों में सुपर नेपियर और कम पानी वाले क्षेत्रों में बाजरा की खेती की जाएगी। शेष जमीन पर गोशालाओं और किसान उत्पादक कंपनियों को चारा उत्पादन की अनुमति दी जाएगी। चारा खेती की योजना के क्रियान्वयन के लिए रामटेक तहसीलस्तरीय गादयुक्त भूमि समिति का गठन किया गया है। तहसीलदार इस समिति के अध्यक्ष और तहसील पशुसंवर्धन अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। खंड विकास अधिकारी, तहसील कृषि अधिकारी तथा सिंचाई और लघु सिंचाई विभाग के अभियंता समिति के सदस्य रहेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि रामटेक की तर्ज पर जिले की अन्य तहसीलों में भी ऐसी समितियां गठित की जाएंगी।
योजना के तहत 77,500 किलो बीज वितरित
वीबी-जी राम जी योजना के तहत गादयुक्त जमीन पर मक्का, बाजरा और सुपर नेपियर की खेती समिति की मंजूरी के बाद की जाएगी। जिले में अब तक करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के 77,500 किलो बीज वितरित किए जा चुके हैं। बीजों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिन किसानों या संस्थाओं को बीज की आवश्यकता है, उनसे प्रस्ताव प्रस्तुत करने की अपील जिलाधिकारी ने की है। उन्होंने किसानों और संबंधित संस्थाओं को लगाई गई चारा फसलों के फोटो प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्रों की चराई भूमि और गादयुक्त जमीन पर भी चारा फसल लगाने की योजना बनाई जाएगी।















