अब लोकसभा में शिंदे शिवसेना की ताकत सात से बढ़कर हो गई 13
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र में बड़ा सियासी उलटफेर हो चुका है। शिवसेना (उबाठा) के 6 बागी लोकसभा सांसद आखिरकार सोमवार (22 जून 2026) को एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए। उद्धव ठाकरे की शिवसेना को सोमवार को बड़ा झटका लगा। छह सांसद संजय हरिभाऊ जाधव, भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे, ओमप्रकाश भूपालसिंह निंबालकर, संजय दीना पाटिल, संजय उत्तमराव देशमुख और नागेश बापूराव पाटिल अष्टीकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गये। शिवसेना (उबाठा) के सांसदों को शिंदे कैंप में लाने को ऑपरेशन टाइगर कहा गया। लोकसभा में शिंदे की शिवसेना की ताकत अब सात से बढ़कर 13 हो गई है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों की संख्या घटकर तीन रह गयी है।
छह सांसदों के पार्टी में शामिल होने के अवसर पर एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘मैंने ऐसा इसलिए किया ताकि आपके मन में कोई सवाल न रहे। कुछ मीडिया में क्या चल रहा है? ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वकचौरे, संजय दीना पाटिल, संजय बंधू जाधव, संजय देशमुख और नागेश अष्टिकर शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ही संजय तीन बार हैं। हमारे पास तीन संजय हैं। एक चौथे संजय राठौड़ भी हैं। बहुत सारे संजय हैं। इसलिए यह बताने की जरूरत नहीं है कि मैं और किसके बारे में बात कर रहा हूं। चूंकि एक ही संजय तीन बार हैं, इसलिए किसी को गिना नहीं गया है। शिंदे ने कहा, शिव सेना एक परिवार है। यह सचमुच एक परिवार है। कट्टर शिवसैनिक सांसद असली शिव सेना परिवार में शामिल हो गए हैं, बालासाहेब के विचारों वाले शिव सेना परिवार में।












