खजाने पर 74,817 करोड़ रुपये का बोझ
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने 97,706.40 करोड़ रुपये की अनुपूरक मांगें विधानसभा में सोमवार को पेश कीं। इसमें कृषि ऋण माफी योजना के लिए 20,552 करोड़ रुपये शामिल हैं। इससे राज्य के खजाने पर 74,817.66 करोड़ रुपये का शुद्ध अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। गौरतलब है कि विपक्ष लंबे समय से न्यूनतम तकनीकी शर्तों के साथ पूर्ण कृषि ऋण माफी की मांग कर रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने इस महीने की शुरुआत में कड़ी शर्तों को हटाने और किसानों के लिए व्यापक ऋण माफी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन ये मांगें पेश कीं। कुल अनुपूरक मांगों में से 13,825.71 करोड़ रुपये अपरिहार्य व्यय के लिए, 66,559.40 करोड़ रुपये कार्यक्रम संबंधी खर्च के लिए और 17,321.29 करोड़ रुपये केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत उपलब्ध निधियों से समर्थित व्यय के लिए मांगे गए हैं। (पेज 6 पर)
विस में आशा भोसले और सुमन कल्याणपुर को दी गयी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र विधानसभा ने सोमवार को दिवंगत पार्श्व गायिकाओं आशा भोसले और सुमन कल्याणपुर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में कुछ पलों का मौन रखा। विधानसभा सत्र के पहले दिन, अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शोक प्रस्ताव पढ़ा, जिसके बाद सदन ने एक मिनट का मौन रखकर दोनों दिवंगत गायिकाओं को श्रद्धांजलि दी। सदन ने इसके अलावा पूर्व सदस्यों अनंतराव थोपटे, विठ्ठलराव धोते, बलिराम कोटकड़ पाटिल, कृष्णराव देशमुख, पटल्य मावस्कर, वसंतराव सूर्यवंशी, सुरेश कुमार जेठलिया, उषा देवी जगदाले और शकुंतला शर्मा के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। आठ दशकों से अधिक समय तक बॉलीवुड संगीत पर अपनी अमित छाप छोड़ने वाली आशा भोसले (92) का 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था।












