नागपुर। 146 साल पुरानी ऐतिहासिक परंपरा का अभिन्न अंग और पौराणिक, धार्मिक और सामाजिक महत्व रखने वाला बड़ग्या-मरबत महोत्सव नागपुरवासियों के बीच अभूतपूर्व उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मूसलाधार बारिश के बावजूद, नागपुरवासियों ने बड़ग्या-मरबत महोत्सव मनाया। ‘ईडा-पीडा, रोग राई घेऊन जा गे मारबत…’ के गगनभेदी नारों के बीच उपराजधानी नागपुर का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक मारबत महोत्सव बेहद भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इतवारी के नेहरू चौक पर काली और पीली मारबत के मिलन के साथ महोत्सव का समापन हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, अभिनेता जैकी श्रॉफ, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, क्रिकेटर उमेश यादव, विधायक प्रवीण दटके, समूह नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, मुंबई में फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवरिनो, नॉर्वे के महावाणिज्य दूत पेट्रा थेमन समेत लाखों की संख्या में नागरिक शामिल हुए।
काली पीली मारबत के आगमन के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। इसके बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों से मारबत और बड़ग्या नेहरू नगर चौक पर पहुंचते रहे, जहां सभी का मिलन हुआ। महोत्सव में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बड़ग्या रहे। इस बार भी अलग-अलग मुद्दों और विषयों पर तैयार किए गए अनोखे बड़ग्यों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। एमपीएससी पेपर लीक, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और फिल्म ‘धुरंधर’ के रहमान डकैत जैसे बड़ग्ये खास आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा शहर की बदनाम गली को हटाने, महिला सुरक्षा और स्मार्ट मीटर के खिलाफ बनाए गए बड़ग्यों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद पीली मारबत भी नेहरू नगर चौक पहुंची, जहां काली और पीली मारबत का मिलन हुआ।
इस बार नागपुर मनपा ने मारबत महोत्सव को वैश्विक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया था और इसके लिए विशेष ब्रांडिंग भी की गई। इसका असर महोत्सव में साफ तौर पर देखने को मिला। हर साल की तुलना में इस बार बड़ी संख्या में लोग मारबत महोत्सव देखने के लिए पहुंचे। महोत्सव के सफल आयोजन से महापौर नीता ठाकरे भी बेहद खुश नजर आईं। नागपुर महानगर पालिका ने इस बार मारबत महोत्सव को लोकल से ग्लोबल बनाने का निर्णय लिया। इसको लेकर मनपा ने महोत्सव का प्रचार और प्रसार किया। सभी ने उत्सव का आनंद लिया और खुशी जताई। इस दौरान सभी ने मारबत रैली का आनंद लिया, बल्कि नागरिकों के साथ ‘ईडा-पीडा, रोगराई घेऊन जा गे मारबत…’ के नारे भी लगाए।
नागपुर नगर निगम द्वारा आयोजित नागपुर के पारंपरिक और ऐतिहासिक प्रतीक मारबत महोत्सव में महापौर नीताताई ठाकरे, फिल्म अभिनेता अंकुश चौधरी, संपादक सरिताताई कौशिक, प्रधान संपादक नीलेश खरे, संपादक अतुल पांडे, क्रिकेटर उमेश यादव, उपमहापौर लताताई हाथीबेड़े, नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानीताई दानी-वखरे, सत्तासुरुढ़ दल के नेता नरेंद्र बोरकर, पूर्व विधायक सुधाकर कोहले, भाजपा नागपुर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, नगर निगम आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, नगरसेविका दर्शनीताई धवड़, नगरसेवक श्रीकांत आगलावे, विष्णु मनोहर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।












