आसमान में उठीं लपटें और धुएं से मचा कोहराम
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने की घटनाएं एक बार फिर सामने आई हैं। पटाखे फोड़ते समय बरती जाने वाली लापरवाही आग लगने का प्रमुख कारण बन रही है। रविवार को दिवाली के दिन नागपुर में छह स्थानों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें देवनगर स्थित एक दोपहिया वाहन शोरूम में लगी आग भी शामिल है, जहां कई बाइक जलकर खाक हो गईं। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। टीवीएस शोरूम में 25 नई दोपहिया समेत अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई, जबकि कबाड़ गोदाम में भी दो दोपहिया वाहन जल गए।
देवनगर परिसर में दूसरे माले पर जलता हुआ रॉकेट भीतर जाने से शोरूम में आग लग गई। सुरक्षा कर्मचारी ने रॉकेट को भीतर जाते देख तत्काल इसकी सूचना दी, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। देवनगर में सावरकर रोड स्थित प्लॉट क्रमांक ए-1 पर राजेंद्र कुमार आठवले की ग्राउंड फ्लोर समेत दो मंजिला इमारत है। ग्राउंड फ्लोर समेत पूरी इमारत में नए दोपहिया वाहन, कलपुर्जे और अन्य सामग्री रखी हुई थी। शोरूम बंद होने के बाद रात करीब 8.30 बजे अचानक दूसरे माले पर जलते रॉकेट से आग लग गई। सुरक्षा कर्मचारी ने तत्काल शोरूम संचालक समेत अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते आग ने पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों, प्लास्टिक के हेलमेट और अन्य सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। नरेंद्रनगर अग्निशमन दल के 2, त्रिमूर्तिनगर अग्निशमन दल के 2 और सिविल अग्निशमन दल के 1 वाहन समेत कुल 5 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। विभागीय अग्निशमन अधिकारी तुषार बाराहाते, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशोक घवघवे, सुरेश आत्राम, प्रमुख अग्निशमन विमोचक सोपान शेंबेकर, पंकज इंगले और महेश साखरकर ने मोर्चा संभाला।
दिवाली में नागपुर में आग की 42 घटनाएं : अग्निशमन विभाग की रातभर दौड़भाग
दिवाली के उत्सव के दौरान नागपुर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की सीमा में 24 घंटे के भीतर आग लगने की 42 घटनाएं दर्ज की गई हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में आग की घटनाओं के चलते अग्निशमन विभाग के जवानों को दिनभर के साथ पूरी रात भागदौड़ करनी पड़ी। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 8 से रात 8 बजे तक आग की 5 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके बाद रात 8 से मध्यरात्रि 12 बजे के बीच महज चार घंटे में सबसे ज्यादा 24 फायर कॉल प्राप्त हुए। वहीं, मध्यरात्रि 12 से सुबह 8 बजे तक 13 और फायर कॉल दर्ज किए गए। इस तरह दिवाली के 24 घंटों में कुल 42 आग की घटनाएं सामने आईं। शहर के नरेंद्र नगर, रामदास पेठ, शंकर नगर, प्रताप नगर, हिंवरी नगर, हुडकेश्वर रोड, सुभाष नगर, सेमिनरी हिल्स, गंजीपेठ, गणेशपेठ, बाबुलखेड़ा, शांतिनगर, बजरिया, वर्धमान नगर, अजनी, सक्करदरा, मेडिकल चौक, कलमना, जरीपटका, मानेवाड़ा रोड, वाठोडा और नारी रोड सहित कई इलाकों में आग लगने की घटनाएं हुईं। इनमें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिहायशी परिसरों सहित विभिन्न स्थानों पर आग लगने की घटनाएं शामिल रहीं। दिवाली की रात अचानक बढ़े अग्नि कॉल के कारण अग्निशमन विभाग की व्यवस्था पर काम का दबाव बढ़ गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय नगरसेविका वर्षा चौधरी समेत अन्य लोगों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। रविवार रात करीब 11 बजे मेडिकल चौक में हल्दीराम के सामने स्थित रामनारायण जायसवाल के मकान की छत पर बने गोदाम में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र उचके, विभागीय अधिकारी तुषार बाराहाते, कॉटन मार्केट के प्रभारी भगवान वाघ, विलास तिलगुले और दुर्गाप्रसाद चौबे समेत 20 से अधिक कर्मचारियों ने 6 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। रविवार रात करीब 11.30 बजे कलमना क्षेत्र के चिखली देव चौक परिसर में खुले मैदान में जमा कबाड़ सामग्री में भी पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। आग की चपेट में आने से कबाड़ सामग्री के साथ 2 दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए।
















