महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों को छोड़ा पीछे
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। दिवाली के बाद राज्य में वायु प्रदूषण का मुद्दा एक बार फिर गंभीर हो गया है। रविवार, 8 नवंबर की रात नागपुर ने महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) दर्ज किया। रात 9 बजे के आंकड़ों के अनुसार, नागपुर का AQI 217 तक पहुंच गया। इसके साथ ही शहर की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
पटाखों के धुएं का असर
दिवाली के बाद भी पटाखों की आतिशबाजी का असर नागपुर की हवा पर दिखाई दे रहा है। रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में पटाखे फोड़े जाने से वातावरण में धूल के कण और सूक्ष्म प्रदूषकों की मात्रा बढ़ने की आशंका है। पटाखों से निकलने वाले धुएं, बारीक कणों और रासायनिक तत्वों का प्रभाव कुछ समय तक वातावरण में बना रहता है। इसके अलावा शुष्क मौसम, वाहनों से निकलने वाला धुआं और सड़कों की धूल भी प्रदूषण बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। यही वजह है कि दिवाली के बाद भी नागपुर की हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। नागपुर का AQI पिंपरी-चिंचवड़ से 20 और पुणे से 56 अंक अधिक रहा। हालांकि, पिंपरी-चिंचवड़ के भोसरी निगरानी केंद्र पर 236 AQI दर्ज किया गया, जो इन आंकड़ों में किसी एक निगरानी केंद्र का सर्वाधिक स्तर रहा। इसके बाद सवता माळी नगर में 225, गवळी नगर में 221 और थेरगांव में 215 AQI दर्ज किया गया।
सूखे मौसम ने बढ़ाई परेशानी
राज्य के कई हिस्सों में बारिश नहीं होने से शुष्क मौसम बना हुआ है। इसके कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण प्राकृतिक रूप से नीचे बैठने या बारिश के जरिए साफ होने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। वाहनों का धुआं, सड़कों की धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और दिवाली के पटाखों से निकला प्रदूषण मिलकर हवा की गुणवत्ता बिगाड़ रहे हैं।
सांस संबंधी परेशानी का खतरा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के राष्ट्रीय AQI वर्गीकरण के अनुसार, 201 से 300 के बीच का AQI खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से लोगों को सांस संबंधी परेशानी हो सकती है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर (SAMEER) ऐप पर उपलब्ध आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है।
















