दिवाली की छुट्टियों में घर आए थे दोनों
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शादी के करीब दो महीने बाद शिक्षक दंपति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। बेलतरोड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के बेसा स्थित रेवतीनगर में यह घटना हुई। मृतकों की पहचान सोनाली (35) और मनीष प्रह्लाद गणवीर (38) के रूप में हुई है। दोनों ने 31 अगस्त को कोर्ट मैरिज की थी। दिवाली के दिन इस घटना का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार, सोनाली और मनीष दोनों का इससे पहले अलग-अलग स्थानों पर विवाह हुआ था। बाद में आपसी विवाद के चलते दोनों का तलाक हो गया था। दोनों गढ़चिरौली स्थित लॉयड्स स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान उनकी पहचान हुई और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। दोनों अलग-अलग जातियों से थे, लेकिन प्रेम संबंध के बाद उन्होंने 31 अगस्त को दूसरी शादी कोर्ट मैरिज के माध्यम से की। इसके बाद दोनों गढ़चिरौली में रहने लगे थे। मनीष का पैतृक मकान नागपुर के बेसा स्थित रेवतीनगर में है। दिवाली मनाने के लिए दोनों यहां आए थे।
पड़ोसियों ने सुनी थी विवाद की आवाजें
मनीष के परिवार के अन्य सदस्य बौद्धगया में दर्शन के लिए गए हुए थे। इस कारण घर खाली था। शनिवार दोपहर को पड़ोसियों ने उनके घर से जोर-जोर से बातचीत और विवाद की आवाजें सुनीं। दोपहर करीब 3.30 बजे आवाजें बंद हो गईं। पति-पत्नी के बीच विवाद समझकर पड़ोसियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
रिश्तेदार के पहुंचने पर हुआ खुलासा
रविवार सुबह करीब 9.45 बजे मनीष का रिश्तेदार जयताला निवासी प्रशिक अजय लांडगे (26) उससे मिलने रेवतीनगर पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। प्रशिक ने कई बार दरवाजा खटखटाया और फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर प्रशिक टिन के शेड के रास्ते दूसरी मंजिल की गैलरी में पहुंचा। खिड़की से बेडरूम में देखने पर मनीष और सोनाली दोनों सीलिंग फैन से अलग-अलग दुपट्टों के सहारे फंदे पर लटके दिखाई दिए। उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और रिश्तेदारों तथा पुलिस को सूचना दी।
हॉल में शराब की बोतल और दो गिलास मिले
सूचना मिलने पर बेलतरोड़ी थाने के थानेदार नाइकवाड़े अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पड़ोसियों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। घर के हॉल में शराब की एक बोतल और दो गिलास मिले। प्रशिक की सूचना के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।















