नागपुर। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। महिलाओं को उच्च शिक्षा, नेतृत्व क्षमता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। यह प्रतिपादन भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘स्वयंसिद्धा राष्ट्रीय परिषद 2026-विजया : शिक्षा के माध्यम से सशक्तिकरण का सफर’ का उद्घाटन राजनगर स्थित नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी) के सभागार में किया गया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति मार्गदर्शन कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, राज्यपाल सचिव डॉ. प्रशांत नरनवरे, प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशये, कुलसचिव डॉ. विजय खंडाल, राष्ट्रीय महिला आयोग एवं महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, प्राध्यापक, अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय को महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस लक्ष्य निर्धारित कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन करना चाहिए। महाराष्ट्र के राज्यपाल रहते हुए उन्होंने ‘स्वयंसिद्धा’ उपक्रम की शुरुआत की थी। यह पहल उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विश्वविद्यालयों को सीधे सहभागी बनाना है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका केवल शैक्षणिक डिग्री प्रदान करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। महिलाओं को कौशल विकास, आर्थिक आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के नेतृत्व में ‘स्वयंसिद्धा’ उपक्रम का विस्तार हो रहा है। राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के इसमें सहभागी होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2014-15 में उच्च शिक्षा में महिलाओं का सकल नामांकन अनुपात लगभग 23 प्रतिशत था, जो 2023-24 में 31 प्रतिशत से अधिक हो गया है। दीक्षांत समारोहों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की बढ़ती संख्या महिलाओं की शैक्षणिक प्रगति का प्रतिबिंब है। महिलाओं का विकास केवल उनके व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में 15 महिला सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
















