मुख्यमंत्री फडणवीस ने 26/11 के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित स्मृति कार्यक्रम में 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल ताज होटल और अन्य निर्धारित ठिकानों पर किया गया हमला नहीं था, बल्कि राजनयिक समुदाय को निशाना बनाने और पूरे देश को खतरे में होने का संदेश देने की कोशिश थी।
फडणवीस ने कई अन्य नेताओं के साथ 2008 के मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर आयोजित स्मृति कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस हमले में सुरक्षाकर्मियों सहित कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों ने ऐसे स्थानों को निशाना बनाया था, जहां वे अधिक से अधिक लोगों की हत्या कर सकते थे। उनका उद्देश्य यह संदेश देना था कि पूरे भारत पर हमला हुआ है। हालांकि, सुरक्षा बलों ने न केवल आतंकवादियों को रोका, बल्कि आतंकी अजमल कसाब को जीवित पकड़कर पाकिस्तान की साजिश को भी उजागर किया। फडणवीस ने कहा, 26/11 का हमला केवल ताज होटल या अन्य निर्धारित ठिकानों पर हमला नहीं था। यह राजनयिक समुदाय और बड़ी सभाओं को निशाना बनाने वाला हमला था, जहां आतंकवादी अधिक से अधिक लोगों की हत्या कर पूरे भारत पर हमले का संदेश देना चाहते थे। लेकिन हमारे सुरक्षा बलों ने न केवल आतंकवादियों को रोका, बल्कि कसाब को जीवित पकड़कर पाकिस्तान की साजिश का पर्दाफाश भी किया।
















