सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री पद की चर्चा को किया खारिज
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। पिछले कई वर्षों से शरद पवार गुट की नेता सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्री बनने की चर्चा होती रही है। यह भी कहा जाता रहा है कि शरद पवार एनडीए में शामिल होंगे और सुप्रिया सुले केंद्र में मंत्री बनेंगी। बाकी नेता महाराष्ट्र की राजनीति संभालेंगे और सुप्रिया सुले दिल्ली की जिम्मेदारी देखेंगी। पिछले कई वर्षों से यह राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच अब सुप्रिया सुले के महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री बनने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। पिछले दो दिनों से राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस पर सुप्रिया सुले ने चुटकी लेते हुए कहा कि वह पिछले 12 वर्षों से सुन रही हैं कि उन्हें मंत्री बनाया जाने वाला है। इस तरह उन्होंने मुख्यमंत्री पद की चर्चाओं को खारिज कर दिया।
सांसद सुप्रिया सुले कराड पहुंची थीं। इस दौरान उनसे महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाए जाने की जोरदार चर्चा के बारे में सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, पिछले 12 वर्षों से मेरा शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। मेरे साथ अन्याय मत कीजिए। वर्ष 2014 से ही मैं मंत्री बनने वाली हूं, ऐसी बातें सुन रही हूं। इसलिए मुझे इन अटकलों में मत घसीटिए। सुप्रिया सुले ने यह बात मजाकिया अंदाज में कही। उन्होंने कहा कि संसद में वह बारामती का प्रतिनिधित्व करती हैं और महाराष्ट्र की प्रतिनिधि के रूप में जाती हैं। वह संयुक्त संसदीय समिति (JPC) सहित चार महत्वपूर्ण समितियों में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, मुझे दुख होता है कि कोई भी इन समितियों के कामकाज के बारे में सवाल नहीं पूछता। मुझसे नीतिगत फैसलों और नीति निर्माण के बारे में कोई सवाल नहीं करता। मैं जिन मुद्दों के लिए चुनकर गई हूं, उनके बारे में सवाल नहीं पूछे जाते। यदि कोई इन विषयों पर सवाल पूछे तो मुझे खुशी होगी।
दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने हाथ जोड़ लिए। उन्होंने कहा, आप टीवी देखते हैं न? पिछले सप्ताह चैनलों पर मैंने इस विषय में क्या कहा था? इस मुद्दे पर रामकृष्ण हरी। ऐसा कहते हुए उन्होंने इस विषय पर अधिक बोलने से परहेज किया। रोहित पवार द्वारा कल पार्टी की गुप्त बैठक आयोजित किए जाने की चर्चा पर भी उनका ध्यान आकर्षित किया गया। इस पर उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, गुप्त बैठक यानी क्या? कल रोहित नागपुर में थे ही नहीं। उनकी लोकेशन चेक कर लीजिए। यह हास्यास्पद है। पार्टी की गुप्त बैठक, यह बात मैंने पहली बार सुनी है। दरअसल, एक अंग्रेजी दैनिक ने कल खबर प्रकाशित की थी कि सुप्रिया सुले महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री बन सकती हैं। खबर में कहा गया था कि शरद पवार एनडीए के साथ जाने के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग कर सकते हैं। इसके चलते सुप्रिया सुले महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्यमंत्री बन सकती हैं। खबर में यह भी कहा गया था कि यदि भाजपा एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री पद दे सकती है, तो पवार भी मुख्यमंत्री पद की मांग कर सकते हैं। इसके बाद सुप्रिया सुले के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
गोकुल डेयरी चुनाव विवाद का समाधान निकाले सीएम फडणवीस
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कोल्हापुर में गोकुल डेयरी के चुनाव को लेकर जारी ‘सत्ता संघर्ष’ समाप्त करने और विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने का आग्रह किया। सुले की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब मुंबई उच्च न्यायालय की कोल्हापुर सर्किट पीठ में सरकार द्वारा मनोनीत चार निदेशकों के मतदान अधिकारों और कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (गोकुल) के अध्यक्ष के हालिया चुनाव से संबंधित याचिकाओं पर बुधवार को सुनवाई होनी है। उन्होंने कहा, मैं पूरे दिल से (कांग्रेस नेता) सतेज पाटिल और उनकी टीम के साथ हूं। महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण और कई अन्य नेताओं ने राज्य में सहकारिता आंदोलन को जीवित रखा।
Photo Caption: महाराष्ट्र के शिल्पकार स्वर्गीय यशवंतराव चव्हाण की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को सांसद सुप्रिया सुले ने कराड स्थित प्रीतिसंगम में उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















