अयोध्या (उत्तर प्रदेश)। अयोध्या में इस वर्ष का नवम दीपोत्सव-2025 पहले से कहीं अधिक भव्य और आकर्षक होने जा रहा है। राम की पैड़ी पर 80 हजार दीयों से सजाई जाने वाली रंगोली इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। यह अद्वितीय दीप-रंगोली पारंपरिक चौक पूरने की कला पर आधारित है, जिसमें मिट्टी के दीयों, रंगों और पुष्पों का समन्वय करके भव्य दृश्य तैयार किया गया है। डिज़ाइन में कलश, स्वास्तिक और कमल पुष्प जैसे पारंपरिक प्रतीकों का समावेश किया गया है, जो समृद्धि, शुभता और भक्ति का संदेश देते हैं। इस रंगोली को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के कला विभाग की टीम द्वारा 50 छात्राओं ने मिलकर तैयार किया है। प्रमुख संयोजक डॉ. सरिता द्विवेदी ने बताया कि यह केवल कला नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव है, जो भक्तों और आगंतुकों के लिए दिव्यता और सौंदर्य का संगम प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि दीपोत्सव 2025 केवल प्रकाश पर्व न रहकर, श्रद्धा, संस्कृति और डिजिटल अनुभव का संगम बने, जिससे अयोध्या को नई पहचान मिले। इस दिशा में धाम में 20 विशेष “सेल्फी प्वाइंट” स्थापित किए जा रहे हैं, जो रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित होंगे। इनमें हनुमान जी के उड़ते दृश्य, रावण वध, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट और अग्नि परीक्षा जैसे प्रेरक और भावनात्मक दृश्य शामिल हैं। ये सेल्फी प्वाइंट धर्मपथ, लता चौक, रामकथा पार्क और राम की पैड़ी जैसे प्रमुख स्थलों पर सजाए जाएंगे, जिससे भक्त और पर्यटक अपने अनुभव को डिजिटल माध्यम से साझा कर सकेंगे।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस दीपोत्सव में अयोध्या विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति, लोक कला और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। आयोजन के दौरान रामनगरी लाखों दीपों की रोशनी में नहाएगी और श्रद्धालु इस दृश्यावली का आनंद लेंगे। इस भव्य आयोजन को देखकर ऐसा प्रतीत होगा मानो स्वयं श्रीराम के आगमन के स्वागत में पूरी धरती सजी हो।
इस दीपोत्सव का उद्देश्य न केवल अयोध्या के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को उजागर करना है, बल्कि भक्तिभाव, सौंदर्य और आधुनिक डिजिटल अनुभव का एक ऐसा संयोजन प्रस्तुत करना है जो युवाओं और परिवारों दोनों को आकर्षित करे। आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष का दीपोत्सव अयोध्या को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।








