नयी दिल्ली। देश में ऑनलाइन खरीदारी की आदतें अब धीरे-धीरे त्योहारी मौसम पर कम निर्भर होने लगी हैं, लेकिन मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स श्रेणियों का वर्चस्व अभी भी बरकरार है। परामर्शदाता कंपनी रेडसीर की हालिया रिपोर्ट में यह निष्कर्ष सामने आया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत का ऑनलाइन खुदरा क्षेत्र अब पूरे साल में अधिक संतुलित मांग के रुझान पर बढ़ रहा है। हालांकि त्योहारी मौसम में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री में उछाल अभी भी सबसे अधिक देखा जाता है। रिपोर्ट में कहा गया है, “मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में त्योहारी सीजन का असर सबसे ज्यादा है, और ये बिक्री की गति तय करते हैं।”
विशेष आंकड़ों के मुताबिक, मोबाइल खंड में त्योहारी मौसम से जुड़ा उतार-चढ़ाव ‘मौसमी सूचकांक अंतराल’ 1.7 के साथ सबसे अधिक है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स में यह 1.3 दर्ज किया गया। सितंबर-अक्टूबर के महीनों में इन दोनों श्रेणियों की मांग चरम पर होती है। मोबाइल फोन का मासिक सूचकांक लगभग 2.3 और इलेक्ट्रॉनिक्स का 2.0 के करीब पहुंचता है।
रिपोर्ट में कंपनियों को सलाह दी गई है कि वे त्योहारी निर्भरता को घटाने के लिए साल की पहली तिमाही जैसे सुस्त महीनों में विशेष ऑफर और प्रचार अभियान चलाएं। इसके अलावा, राशन, सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री सालभर स्थिर बनी रहती है, क्योंकि ये कम मूल्य वाले और बार-बार खरीदे जाने वाले उत्पाद हैं।
घरेलू साज-सज्जा, फर्नीचर और फैशन श्रेणियों में त्योहारी महीनों में हल्का उछाल आता है, लेकिन उतार-चढ़ाव मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स की तुलना में कम होता है।
रेडसीर का निष्कर्ष है कि भविष्य में वही कंपनियां बाजार की अग्रणी रहेंगी जो न केवल त्योहारी उच्च मांग को संभाल सकें, बल्कि सुस्त महीनों में भी लगातार मांग बनाए रख सकें। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑनलाइन खुदरा प्लेटफ़ॉर्म को स्थिर मांग वाले क्षेत्रों का उपयोग कर सालभर परिचालन दबाव कम करना चाहिए और अचानक बिक्री चरम से निपटने की तैयारी करनी चाहिए।








