लोकवाहिनी, संवाददाता:पुणे। पुणे के बाहरी इलाके में नवले ब्रिज के पास गुरुवार शाम ट्रक का ब्रेक फेल होने से 20 से 25 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। ट्रक और कंटेनर के बीच में फंसी कार में आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 कार सवार थे। ट्रक और कंटेनर के ड्राइवरों की भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसा पुणे-नाशिक हाईवे पर भारगांव के पास हुआ। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार बुरी तरह से कंटेनरों के बीच दब गई और आग लगने के कुछ सेकंड में ही लपटों में घिर गई। मृतकों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। हादसा इतना भीषण था कि कुछ वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुँच गई। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया और फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल व्यक्तियों को नज़दीकी ससून और नवले अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों गाड़ियां एक ही दिशा में तेज़ी से जा रही थीं, तभी अगले कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही कार का ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका तो कार सीधे अगले कंटेनर से जा टकराई। तभी पीछे वाले कंटेनर ने भी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के कुछ ही देर बाद दोनों कंटेनरों में आग लग गई। घटना के बाद हाईवे पर यातायात ठप हो गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत बड़ा नुकसान हो चुका था। घटनास्थल पर धुआँ और आग की लपटें थीं।
नवले पुल क्षेत्र में लगातार ऐसी दुर्घटनाएँ होने से नागरिकों में भारी रोष व्यक्त है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस स्थान पर दुर्घटनाएँ रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाएँ। नवले ब्रिज पर यह पहला हादसा नहीं है, पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। हाईवे का ग़लत डिज़ाइन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है।
और सतारा से पुणे आते समय कटराज सुरंग के बाद हाईवे पर तीव्र ढलान है। इस जगह पर हाईवे पर खतरनाक मोड़ है और इस जगह पर दोनों तरफ की सर्विस रोड हाईवे से मिलती है। फिर खड़ी ढलानों के कारण अक्सर भारी वाहन नियंत्रण खो बैठते हैं, वे भारी वाहन सामने वाले वाहनों से टकराते हैं और दुर्घटनाएँ हो जाती हैं।
अफ़सोस की बात है कि किसी दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा अस्थायी उपाय तो किए जाते हैं, लेकिन कोई स्थाई समाधान नहीं होता।
इस बीच, पुणे के लोग उम्मीद जता रहे हैं कि जो प्रतिनिधि जन प्रतिनिधियों के भत्ते या सरकारी आवासों के नवीनीकरण के लिए फंड बढ़ाने पर सहमत हैं, उन्हें लोगों की जान लेने वाले इस पुल का स्थायी समाधान खोजने के लिए सर्वसम्मति से कदम उठाना चाहिए।











