मुख्य आरोपियों को 8 जून तक पुलिस कस्टडी, आठ पकड़े गए
लोकवाहिनी, संवाददाता:पुणे। पिंपरी चिंचवड और पुणे शहर में संदिग्ध नकली शराब पीने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। वहीं पुलिस के अनुसार 14 लोगों की मौत हुई है।
पुलिस ने इस सिलसिले में एक मुख्य तस्कर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि संदिग्ध जहरीली शराब की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर ली गई है तथा भविष्य में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वहीं इस मामले में गिरफ्तार किए गए चार मुख्य आरोपियों को पिंपरी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 8 जून 2026 तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस का मुख्य उद्देश्य उस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को ध्वस्त करना है जिसने मिथेनॉल जैसे घातक रसायन का इस्तेमाल कर कई परिवारों को उजाड़ दिया है। पुलिस ने बताया कि पिंपरी चिंचवड के फुगेवाडी इलाके में नौ और पुणे के हडपसर के पांढरे मला इलाके में पांच लोगों की संदिग्ध जहरीली शराब पीने से मौत हुई। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों का पिंपरी चिंचवड के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है जिनके बारे में भी संदेह है कि उन्होंने संदिग्ध जहरीली शराब का सेवन किया था। इन मौतों के बाद फुगेवाडी और हडपसर के इलाकों में मातम छा गया है। पुलिस ने बताया कि पिंपरी-चिंचवड के फुगेवाडी इलाके में मिथेनॉल मिली शराब की कथित आपूर्ति के संबंध में एक प्रमुख तस्कर सहित कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कठोर धाराओं के तहत मुकदमा चलाने के निर्देश : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की सबसे कठोर धाराओं के तहत मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और उत्पाद शुल्क विभाग की संयुक्त टीमें अब पूरे जिले में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि अवैध शराब के अड्डों को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। फिलहाल, दापोडी और फुगेवाडी इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है और प्रशासन मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा, ताकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके।
रोहित पवार एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने शराब के अड्डे पर की तोड़फोड़
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) नेता रोहित पवार एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने हडपसर इलाके में एक शराब के अड्डे पर तोड़फोड़ की। पवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया कि पुणे के हडपसर और फुगेवाडी इलाकों में जहरीली शराब पीने से 18 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने घटना को बेहद भयावह बताते हुए आरोप लगाया कि यह घटना गृह विभाग के भ्रष्ट कामकाज को उजागर करती है। राकांपा (शप) नेता ने कहा, यह बेहद गंभीर मामला है। अब भी कई लोग जिंदगी और मौत से जुड़ा रहे हैं। राज्य में बेरोकटोक हो रही अवैध गतिविधियों पर बार-बार चिंता जताई गई, लेकिन सरकार उन पर लगाम नहीं लगा सकी और 18 लोगों की मौत के लिए पूरी तरह राज्य सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार तकनीकी रूप से बड़े बहुमत के साथ सत्ता में है, लेकिन नैतिक रूप से उसने जनता का भरोसा खो दिया है।













