नागपुर, संवाददाता:शुक्रवार शाम करीब 4 बजे कृपापलानी चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रही एक महंगी लग्जरी बीएमडब्लयू कार (एमएच-03-बीडब्लयू-6939) में अचानक धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही पलों में पूरी कार आग की लपटों से घिर गई और देखते ही देखते जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी सुबोध मोगटे (39) अपनी पत्नी कीर्ति मोगटे और 11 वर्षीय बेटी देवांगशी के साथ ताडोबा सफारी से पांढुरना की ओर लौट रहे थे। लगभग 4:15 बजे जैसे ही उनकी बीएमडब्लयू कार कृपापलानी चौक पहुंची, बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। कार की स्थिति बिगड़ती देख सुबोध मोगटे ने तुरंत वाहन को दीक्षाभूमि की ओर मोड़ लिया और सड़क किनारे रोक दिया। मात्र कुछ ही सेकंड में वाहन के अगले हिस्से में लगी आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। तीनों सवार समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर व कुछ ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए।
सूचना मिलते ही कॉटन मार्केट अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह स्वाहा हो गई। ट्रैफिक पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को सुचारु किया। अग्निशमन विभाग के प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आग लगने का कारण कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट था। यह बीएमडब्लयू 2015 मॉडल की बताई जा रही है। सौभाग्य से इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई, हालांकि कार पूरी तरह से नष्ट हो गई। दमकल अधिकारियों का कहना है कि चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।











