अब तक 5 हजार लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी – किरीट सोमैया
बांग्लादेश समेत अन्य देशों से आए लोगों की जांच हुई तेज़
महाराष्ट्र में 1.23 लाख Fake Birth Certificates हुए रद्द
जालना:भाजपा नेता किरीट सोमैया ने जालना में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि ज़िले में 10 हजार फर्जी जन्म प्रमाणपत्र रद्द किए गए हैं और फर्जी दस्तावेज़ प्राप्त करने वालों पर कार्रवाई जारी है। सोमैया ने आरोप लगाया है कि बांग्लादेश और अन्य देशों से आए लोग फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर महाराष्ट्र में रह रहे हैं।
जालना जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक के बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि जालना ज़िले में अब तक 10,000 फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों को रद्द कर दिया गया है। सोमैया के अनुसार, जिले के अंबड, भोकरदन और जालना शहर में बड़ी संख्या में लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे हैं, जिनकी वर्तमान में जांच चल रही है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने बांग्लादेश समेत अन्य देशों से अवैध रूप से आकर फर्जी प्रमाणपत्र बनवाने वाले लोगों के खिलाफ युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इन लोगों की पहचान कर उनके प्रमाणपत्र रद्द किए जा रहे हैं, उन पर मामले दर्ज हो रहे हैं और उन्हें मूल देश भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। सोमैया ने यह भी दावा किया कि पूरे महाराष्ट्र में अब तक 1 लाख 23 हजार फर्जी जन्म प्रमाणपत्र रद्द किए गए हैं, जबकि दूसरे पोर्टल पर 1 लाख 90 हजार प्रमाणपत्र रद्द किए गए हैं। इस कार्रवाई में अब तक 5 हजार लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। साथ ही किरीट सोमैया ने कहा कि चुनावों के बाद यह कार्रवाई और ज्यादा तेज़ की जाएगी।











