अमरावती शहर स्थित सेंट फ्रांसिस ज़ेवियर्स चर्च में ईसाई समाज का प्रमुख पर्व क्रिसमस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर चर्च परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र जगमगाता नजर आया। क्रिसमस की पूर्व संध्या से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु चर्च में एकत्र होने लगे थे।
रात ठीक 12 बजे विशेष मध्यरात्रि प्रार्थना (मिडनाइट मास) का आयोजन किया गया। प्रार्थना के दौरान प्रभु जीसस क्राइस्ट के जन्म का संदेश दिया गया, जिसमें प्रेम, शांति, सेवा और भाईचारे का महत्व बताया गया। पादरियों द्वारा विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए, जिसमें श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियाँ जलाकर शांति और सद्भाव की कामना की।
इस अवसर पर चर्च में जीसस क्राइस्ट के जन्म का प्रतीक गोशाला (क्रिब) का सुंदर और भावपूर्ण दृश्य सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। क्रिब के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े और सभी ने प्रभु यीशु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
मध्यरात्रि प्रार्थना के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को “मेरी क्रिसमस” की शुभकामनाएं दीं। चर्च परिसर में आपसी भाईचारे और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इसके बाद केक काटकर प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
पूरे आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और स्वयंसेवकों की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे। क्रिसमस के इस पावन पर्व ने अमरावती में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश दिया।








