नई दिल्ली। बलूचिस्तान के नेता मेहरयार बलूच ने भारत का सीधे तौर पर समर्थन किया है। मेहरयार बलूच ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर पाकिस्तान से जुड़ी अंदरूनी जानकारी दी है। बलूच नेता ने अपने पत्र में पाकिस्तान और चीन के प्लान का भी खुलासा किया है।
मेहरयार बलूच ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र में दावा किया कि चीन आने वाले समय में पाकिस्तान में अपनी सेना तैनात कर सकता है। बलूच नेता ने इस्लामाबाद और बीजिंग के बीच चल रही इस साझेदारी को भारत के लिए काफी खतरनाक बताया।
बलूच नेता ने भारत के विदेश मंत्री को लिखा यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर भी शेयर किया। मेहरयार बलूच ने एस. जयशंकर को लिखा कि बलूचिस्तान के लोग पिछले 79 सालों से आतंकवाद और मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन को झेल रहे हैं। बलूच नेता ने लिखा कि अब समय आ गया है कि इस गंभीर समस्या को जड़ से उखाड़ फेंका जाए, ताकि बलूचिस्तान के लोगों के लिए स्थायी शांति और संप्रभुता सुनिश्चित हो सके।








