सफल रही छत्रपति शिवाजी महाराज कप राज्यस्तरीय कबड्डी स्पर्धा
लोकवाहिनी, संवाददाता:कोराडी। उप निदेशक (खेल एवं सेवा) कार्यालय, नागपुर विभाग और विदर्भ एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन व नागपुर ग्रामीण कबड्डी एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज कप राज्यस्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट 2026 के फाइनल मैच संपन्न हुए। पुरुषों की श्रेणी में मुंबई शहर और पुणे के बीच तथा महिलाओं की श्रेणी में मुंबई शहर और मुंबई उपनगर के बीच मुकाबला खेला गया। इन रोमांचक मुकाबलों में पुरुषों की श्रेणी में मुंबई शहर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और महिलाओं की श्रेणी में भी मुंबई शहर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना वर्चस्व साबित किया।
राज्यस्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान विशेष माहौल था। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता रितेश देशमुख, अभिनेत्री मेघा धाड़े और पूर्व सांसद नवनीत राणा की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने इन रोमांचक मुकाबलों का भरपूर लुत्फ उठाया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफियां, पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, अ.भा. कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव जितेन्द्रसिंह ठाकुर, नागपुर ग्रामीण कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष संकेत बावनकुले, महाराष्ट्र राज्य कबड्डी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मंगल पांडे, भाजपा कोराडी मंडल अध्यक्ष ब्रह्मा काले, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष चेतन खडसे, खेल एवं युवा सेवा, नागपुर विभाग की उपनिदेशक पल्लवी धात्रक, वर्धा जिला खेल अधिकारी आशा मेश्राम, मनपा खेल अधिकारी पीयूष आंबुलकर, विदर्भ कबड्डी एसोसिएशन के सहसचिव सतीश डफले, नरेंद्र धानोले, मनोज सावनी, लतेश्वरी काले, विवेक मंगतानी, राजेश देशमुख, अक्षय काले, कुणाल भोसकर, आशीष फुटाने, लुकेश करहोकर, शब्बीर शेख, गजानन तिरपुडे, प्रशांत सलामे, राहुल शेलके सहित अन्य गणमान्य, पदाधिकारी, अधिकारी, कार्यकर्ता, खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित थे।








