लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ आंदोलन’ का ऐलान किया है, लेकिन यह मनरेगा बचाओ नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार बचाओ संग्राम है। कांग्रेस को राम, ग्राम और काम से परेशानी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में भ्रष्टाचार है। मनरेगा में मशीनों, ठेकेदारों से काम कराकर जेब भरने का काम किया गया। एक ही सड़क दो-तीन बार बन रही थी। नहरों की सफाई के नाम पर पैसा निकाला जा रहा था और 80 साल उम्र से ज्यादा लोग मनरेगा में काम कर रहे थे।
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ की दुकान है। कांग्रेस सुनती आधा है और झूठ पूरा फैलाती है। कहा जा रहा है मजदूरों को काम नहीं मिलेगा, लेकिन मनरेगा से वीबी-जी राम जी बेहतर है। इसीलिए कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। करप्शन बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी कानून में 100 की जगह 125 दिन काम की गारंटी है। दर से मजदूरी पर देने का प्रावधान किया गया है। इस कानून में मजदूरों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ-साथ गांव में विकास के कार्य हों, इस पर भी नजर रखी गई है।








