नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड 2026 में भाग लेने वाली तीनों सेनाओं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ियों का चयन कर लिया गया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार तीनों सेनाओं में भारतीय नौसेना के मार्चिंग दल को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी चुना गया है। वहीं महाराष्ट्र की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी चुना गया है। राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों तथा विभागों की ओर से झांकियों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की शीर्ष तीन झांकियों में प्रथम स्थान पर महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र की झांकी में ‘गणेशोत्सव: आत्मनिर्भरता का प्रतीक’ दर्शाया गया था। दूसरे नंबर पर जम्मू एवं कश्मीर की झांकी रही। इस झांकी में ‘जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प और लोकनृत्य’ को दिखाया गया था। तीसरे स्थान पर केरल की झांकी चुनी गई है। केरल की झांकी में ‘वॉटर मेट्रो और 100 प्रतिशत डिजिटल साक्षरता: आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर केरल’ की झलक थी।
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इनका चयन परेड के दौरान प्रदर्शन के आकलन हेतु गठित तीन स्वतंत्र निर्णायक मंडलों द्वारा किया गया। आधिकारिक निर्णायक मंडल के अनुसार तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी भारतीय नौसेना की रही। वहीं सीएपीएफ (CAPF) व अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी दिल्ली पुलिस की रही।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों की सर्वश्रेष्ठ झांकी भी चुनी गई है। इस श्रेणी में संस्कृति मंत्रालय की झांकी अव्वल रही। इस झांकी का शीर्षक, ‘वंदे मातरम: एक राष्ट्र की आत्म-ध्वनि’ था। इसके अतिरिक्त विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए हैं। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) की झांकी, ‘वंदे मातरम: 150 वर्षों का स्मरणोत्सव’ व नृत्य समूह की ‘वंदे मातरम: भारत की शाश्वत गूँज’ को यह पुरस्कार मिला है।
गणतंत्र पर ‘पॉपुलर चॉइस’ (Popular Choice) श्रेणी भी रखी गई थी। इसकी चयन प्रक्रिया की बात करें तो ‘मायगव’ (MyGov) पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन मतदान के आधार पर नागरिकों की पसंद के अनुसार यह परिणाम सामने आए हैं। इसके मुताबिक तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के लिए असम रेजिमेंट को चुना गया है। सीएपीएफ व अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के तौर पर सीआरपीएफ (CRPF) के दल को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला माना गया है।
जनमत के मुताबिक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की शीर्ष तीन झांकियां भी चुनी गई हैं। इनमें सबसे अधिक गुजरात– ‘स्वदेशी-आत्मनिर्भरता-स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम’ को पसंद किया गया। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश की झांकी ‘बुंदेलखंड की संस्कृति’ रही। तीसरे स्थान पर राजस्थान की झांकी ‘रेगिस्तान की स्वर्णिम छटा: बीकानेर गोल्ड आर्ट (उस्ता कला)’ को चुना गया है।












