महिला की हत्या, दंपति घायल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। एमआईडीसी थाना क्षेत्र के अमर नगर में पुराने विवाद को लेकर एक पूर्व किरायेदार ने तलवार और चाकू से हमला कर एक महिला की हत्या कर दी, जबकि मकान मालिक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान संगीता राजू चौधरी (40) के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही अपनी बहन के घर मेहमान बनकर आई थी। घटना के बाद आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया, जिसे पुलिस ने दरवाजा तोड़कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रोशन नीलकंठ तराल (30), वर्तमान निवासी राजीव नगर और मूल निवासी मोवाड़, तहसील नरखेड़, जिला नागपुर, करीब एक वर्ष पहले धर्मपाल सुदाम डहाट (51) और उनकी पत्नी वनिता धर्मपाल डहाट (48) के अमर नगर स्थित घर में कुछ महीनों तक किराए पर रहा था। बताया जा रहा है कि उस दौरान रेडियो बजाने और अन्य बातों को लेकर मकान मालिक द्वारा उसे टोका जाता था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में कथित रूप से रंजिश थी।
इसी रंजिश के चलते आरोपी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे तलवार और चाकू लेकर अचानक डहाट दंपति के घर पहुंचा और हमला कर दिया। उस समय धर्मपाल डहाट घर के सामने वाले कमरे में मोबाइल देख रहे थे। आरोपी ने उन पर तलवार से वार किया। वार से बचने के प्रयास में धर्मपाल ने हाथ ऊपर किया, जिससे उनकी उंगलियां गंभीर रूप से कट गईं। इसके बाद आरोपी ने उनके चेहरे पर भी वार किया। पत्नी वनिता बीच-बचाव के लिए दौड़ी तो आरोपी ने चाकू से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर दंपति घर से बाहर निकल आए। इसी दौरान घर में मेहमान के रूप में आई संगीता चौधरी किचन से बाहर निकलीं। आरोपी ने उन पर भी तलवार से हमला कर दिया। तलवार का वार उनके गले पर लगा। संगीता गले पर हाथ रखकर घर से बाहर सड़क की ओर दौड़ीं, लेकिन कुछ ही दूरी पर गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भी घर से बाहर आया, लेकिन बाहर कुछ युवकों को देखकर उन्हें धमकाया और दोबारा घर के अंदर चला गया। इसके बाद युवकों ने आरोपी को घर के अंदर ही बंद कर बाहर से दरवाजा लगा दिया। सूचना मिलने पर एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल धर्मपाल और वनिता डहाट को उपचार के लिए वानाडोंगरीज स्थित शालिनीताई मेघे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतका संगीता चौधरी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि संगीता नंदनवन परिसर की रहने वाली थीं और कुछ दिन पहले ही अपनी बहन के घर मिलने आई थीं। उनका इस विवाद से कोई संबंध नहीं था, लेकिन आरोपी के हमले में उनकी जान चली गई। घटना से अमर नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।












