MSU और RRT टीम ने इलाके में सर्वे और जांच शुरू की
पानी में लीकेज की संभावना पर Orange City Water ने मरम्मत कार्य शुरू किया
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को उबला और शुद्ध पानी पीने की अपील की
नागपुर:नागपुर के न्यू मानकापुर क्षेत्र में हिपैटाइटिस ‘A’ के संदिग्ध मामलों के सामने आने के बाद नागपुर महानगरपालिका का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। MSU और RRT टीम ने निखारे लेआउट इलाके में सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में 6 से 8 मरीजों में हिपैटाइटिस के लक्षण पाए गए, जिनमें 5 संदिग्ध हिपैटाइटिस ‘A’ के केस सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नई पाइपलाइन के काम के दौरान पानी में लीकेज और दूषित जल की संभावना जताई गई है। इस पर Orange City Water ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा इलाके में क्लोरीनेशन, पानी के सैंपल की जांच, ORS और क्लोरीन टेबलेट वितरण जारी है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल उबला और शुद्ध पानी का उपयोग करें और संक्रामक रोगों से बचाव के लिए सावधानी बरतें। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ा दी है और सभी संदिग्ध मामलों पर नियमित निगरानी की जा रही है। प्राथमिक आंकड़ों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और सभी मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जल शुद्धिकरण और मरम्मत कार्य पूरे इलाके में शीघ्र ही पूरे किए जाएंगे।







