ऑपरेशन टाइगर के तुरंत बाद एकनाथ शिंदे का फैसला
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी शिवसेना में शामिल हुए छह लोकसभा सदस्यों में से कुछ की विकास निधि जारी कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि दल बदलने के बाद उनकी चिंताओं का समाधान किया गया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह लोकसभा सांसद सोमवार को शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए थे। उनका कहना था कि विपक्ष में होने के कारण उन्हें अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के लिए विकास निधि नहीं मिल रही थी। शिंदे ने कहा, “मैंने पहले ही इनमें से कुछ लोकसभा सदस्यों की निधि जारी कर दी थी, क्योंकि शिवसेना में आने का उनका प्रमुख कारण यही था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र का समर्थन करते हैं और उन्होंने राज्य को बहुत अधिक निधि दी है। यही कारण है कि ये सांसद शिवसेना के साथ आए हैं। उन्होंने शिवसेना में शामिल हुए इन सभी नव-निर्वाचित सांसदों को आश्वस्त किया है कि उनके क्षेत्रों के विकास के लिए तिजोरी का मुंह पूरी तरह खोल दिया जाएगा। पार्टी में शामिल होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिंदे ने साफ किया कि इन सांसदों के आने से केवल शिवसेना ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए गठबंधन की ताकत भी काफी बढ़ गई है।













