शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा के लिए प्रशासन सतर्क
जलगांव जिले सहित पूरे महाराष्ट्र में आज से दसवीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो गई है। परीक्षा को नकलमुक्त और तनावमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विशेष तैयारी की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
चोपड़ा तहसील में कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर दसवीं बोर्ड परीक्षा आयोजित की जा रही है। चोपड़ा स्थित प्रताप विद्यामंदिर परीक्षा केंद्र पर कुल 547 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यहां मराठी, उर्दू और सेमी-इंग्लिश माध्यम के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की शिक्षकों द्वारा सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की नकल सामग्री अंदर न ले जाई जा सके।
नकल रोकने के लिए प्रत्येक कक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही, ऑनलाइन माध्यम से भी कक्षाओं की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि सभी विद्यार्थी निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दें।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित करें। कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।








