दिनदहाड़े वारदात से पंढरपुर दहला
पंढरपुर में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शहर के एक नामी सराफा व्यवसायी दिलीप कदम बुलेट मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, तभी पीछे से थार गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस टक्कर से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आरोपियों ने सराफ के पास मौजूद बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी वारदात सुनियोजित लग रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट मोटरसाइकिल को भी भारी नुकसान हुआ है।
घायल सराफ को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। लूटी गई बैग में सोना और नकदी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। इस घटना से शहर में भय और आक्रोश का माहौल है।








