तेज रफ्तार मेटाडोर ने दोपहिया को मारी टक्कर
सावनेर में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मधूमालती मंगल कार्यालय के पास हुए इस भीषण दुर्घटना में देवानंद नारेकर नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवानंद नारेकर अपनी दोपहिया से सावनेर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मेटाडोर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नारेकर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।दोपहिया पर पीछे बैठी बेबीबाई माणिकराव पांडे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस निरीक्षक उमेश पाटील के नेतृत्व में सावनेर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
हितज्योति आधार फाउंडेशन की एम्बुलेंस से घायल महिला और मृतक के शव को सावनेर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद देवानंद नारेकर को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।











