लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा सीबीएसई बोर्ड 10वीं कक्षा का रिजल्ट 2026 बुधवार को दोपहर में जारी कर दिया गया। बोर्ड ने अचानक 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम जारी कर सबको चौंका दिया। इस बार परिणाम तय समय से लगभग एक महीने पहले जारी किया गया है, जिससे छात्रों को आगे की तैयारी के लिए अधिक समय मिल सके।
10वीं रिजल्ट में 93.70 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए। सीबीएसई परीक्षा में इस बार लड़कियों ने फिर बाजी मारी। 94.99% लड़कियां पास हुईं जबकि लड़के 92.6% पास हुए। क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो त्रिवेंद्रम रीजन अव्वल रहा। बता दें कि परीक्षा 17 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक आयोजित हुई थी। इस वर्ष पहली बार ‘दो बोर्ड परीक्षा प्रणाली’ लागू की गई थी। मार्कशीट और सर्टिफिकेट डिजिलॉकर (DigiLocker) में उपलब्ध होंगे। स्कूलों को पहले ही छात्रों के लिए पिन दे दिया गया है।
सीबीएसई कक्षा 10वीं के 2026 के रिजल्ट में एक बार फिर लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों का पास प्रतिशत सबसे ज्यादा रहा। 2026 में लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99% रहा, जो पिछले साल 2025 में 95.00% था। वहीं, लड़कों का पास प्रतिशत इस साल 92.69% रहा, जो पिछले साल 92.63% से थोड़ा ज्यादा है। ट्रांसजेंडर छात्रों का पास प्रतिशत इस बार 87.50% रहा। संस्थानों के अनुसार, रिजल्ट में केंद्रीय विद्यालय (KVs) और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNVs) ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है।
मेधावी छात्रों की संख्या और कंपार्टमेंट परीक्षा बोर्ड द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल प्रतिभा का स्तर काफी ऊँचा रहा है। 2 लाख से अधिक छात्रों ने 90% से ज्यादा अंक हासिल किए। 55,000 से अधिक विद्यार्थियों ने 95% से ऊपर अंक प्राप्त कर अपनी मेधा साबित की। हालांकि, लगभग 1.47 लाख उम्मीदवारों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है। इन छात्रों को निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बोर्ड उन्हें आगामी परीक्षा के जरिए अपने परिणाम सुधारने का अवसर प्रदान करेगा।










