विविध पंथों और संप्रदाय के 56 लोगों ने दी आहुति
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। भाजपा राज्याध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एक दूरदर्शी नेता हैं। महाराष्ट्र को देश में अव्वल बनाए रखने के लिए उनका नेतृत्व बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े कार्य के लिए धार्मिक अधिष्ठान का होना जरूरी है, इसीलिए नागपुर में महायज्ञ के साथ-साथ राज्य के प्रत्येक मंडल में सेवा यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पूरे महाराष्ट्र में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से जनसेवा के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के 56वें जन्मदिन के अवसर पर रामनगर स्थित मैदान में भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सफल नेतृत्व की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अनुष्ठान संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कुल देवी लक्ष्मी नरसिंह मंदिर की तर्ज पर पंडाल का निर्माण किया गया था, वहीं माता लक्ष्मी और नरसिंह भगवान की मूर्ति भी स्थापित की गई है। इस महायज्ञ में विभिन्न संप्रदाय और पंथों के 56 लोगों ने यज्ञ में आहुति दी। महायज्ञ का शुभारंभ सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जो दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने महाआरती की। महाआरती के उपरांत धार्मिक विधि-विधान के साथ महायज्ञ का समापन किया गया। बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र को एक सर्वगुण संपन्न और कर्तृत्ववान नेतृत्व मिला है। उनका जीवनचरित्र इतना विशाल है कि इसे शब्दों या पन्नों में समेटना असंभव है।
संदीप जोशी द्वारा आयोजित इस महायज्ञ में नागपुरवासियों ने बड़े भक्तिभाव से हिस्सा लिया। बावनकुले ने कहा कि एक तरफ जहां अजित दादा के निधन का गहरा दुख है वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की। पूर्व मंत्री परिणय फुके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बहुजन नायक बताते हुए कहा कि राज्य में बहुजन और ओबीसी समाज के हित में अब तक जो 56 जीआर जारी हुए हैं, उनमें से 54 अकेले देवेंद्र फडणवीस के कार्यकाल में निकले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा बहुजन समाज के कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं और आज के दिन को पूरे राज्य में सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।













