भारत आज जिस दौर से गुज़र रहा है, उसे कई विशेषज्ञ डिजिटल संक्रमण काल कह रहे हैं। यह संक्रमण इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक ओर औद्योगिकीकरण और सेवा क्षेत्र की पारंपरिक नौकरियाँ सिकुड़ती जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर इंटरनेट और मोबाइल एप्लिकेशन आधारित प्लेटफ़ॉर्म्स पर काम करने वाले गिग वर्कर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। यही नया रोजगार मॉडल गिग अर्थव्यवस्था कहलाता है। बीते कुछ वर्षों में इसका विस्तार इतना तेज़ रहा है कि अब यह भारत की आर्थिक संरचना का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
गिग वर्कर्स दरअसल वे लोग हैं, जो किसी कंपनी के स्थायी कर्मचारी नहीं होते बल्कि अल्पकालिक अनुबंध या कार्य-दर-कार्य (टास्क-बेस्ड) आधार पर काम करते हैं। उन्हें ऑर्डर या सेवा के हिसाब से भुगतान किया जाता है। इस वजह से वेतन, पेंशन, बीमा, भविष्य निधि, वेतन अवकाश जैसी पारंपरिक नौकरी की सुविधाएँ उन्हें नहीं मिल पातीं। इसके बावजूद यह रोजगार मॉडल युवाओं, महिलाओं और छोटे शहरों के लिए आकर्षक बन गया है क्योंकि इसमें प्रवेश आसान है और लचीलापन ज़्यादा है।
भारत में गिग अर्थव्यवस्था का आकार अब अनदेखा नहीं किया जा सकता। नीति आयोग की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, 2020-21 में भारत में लगभग 77 लाख गिग वर्कर्स थे। अनुमान है कि 2029-30 तक यह संख्या 2.35 करोड़ तक पहुँच सकती है। यानी अगले कुछ वर्षों में भारत का हर पंद्रहवाँ श्रमिक किसी न किसी रूप में गिग सेक्टर से जुड़ा होगा। यह अनुमान इस तथ्य से और मज़बूत होता है कि भारत में इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या 936 मिलियन तक पहुँच चुकी है और स्मार्टफोन उपयोगकर्ता लगभग 650 मिलियन हैं। ग्रामीण इलाकों में भी इंटरनेट और डिजिटल भुगतान का तेज़ प्रसार हो रहा है, जिसने गिग सेवाओं को नई गति दी है।
हाल की घटनाओं पर नज़र डालें तो गिग वर्कर्स की असुरक्षा साफ़ दिखाई देती है। 2025 की शुरुआत में ही दिल्ली और मुंबई में क्विक कॉमर्स कंपनियों के वर्कर्स ने प्रदर्शन किया। उनकी प्रमुख माँग थी भुगतान में पारदर्शिता, एल्गोरिथ्म आधारित रेटिंग सिस्टम की समीक्षा और न्यूनतम आय की गारंटी। डिलीवरी एजेंट्स का आरोप था कि प्लेटफ़ॉर्म अपनी मर्ज़ी से इंसेंटिव घटा देता है या डिलीवरी दूरी बढ़ा देता है, जिससे उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ता है। ऐसे उदाहरण गिग वर्क की सबसे बड़ी कमजोरी आय की अनिश्चितता को उजागर करते हैं।
गिग वर्कर्स की कमाई स्थिर नहीं होती। आईएलओ की एक रिपोर्ट बताती है कि भारत के 60% से अधिक गिग वर्कर्स हर महीने अलग-अलग आय पाते हैं। उनमें से बड़ी संख्या बैंक से लोन लेने या बीमा योजनाओं का लाभ उठाने में असमर्थ रहती है। किसी दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में उनका पूरा परिवार आर्थिक संकट में पड़ जाता है। यही कारण है कि 2023 में राजस्थान ने प्लेटफ़ॉर्म बेस्ड गिग वर्कर्स (पंजीकरण एवं कल्याण) अधिनियम पारित किया था। इसके बाद कर्नाटक ने भी गिग वर्कर्स के लिए औपचारिक पंजीकरण और शिकायत निवारण तंत्र का प्रस्ताव रखा। लेकिन देश भर में एक समान व्यवस्था अब तक नहीं बन पाई है।
केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र की अहमियत को समझते हुए सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 में गिग वर्कर्स को अलग श्रेणी में मान्यता दी। इसके अलावा ई-श्रम पोर्टल शुरू किया गया, जिस पर अब तक 30 करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिक पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या गिग और प्लेटफ़ॉर्म वर्कर्स की है। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना जैसी पहलें भी गिग वर्कर्स तक पहुँचाने की कोशिश की जा रही हैं। लेकिन वास्तविकता यह है कि इन योजनाओं का लाभ सीमित लोगों तक ही पहुँच पाया है।
यदि हम सकारात्मक पक्ष देखें तो गिग अर्थव्यवस्था ने रोज़गार सृजन में नई उम्मीदें जगाई हैं। छोटे शहरों और कस्बों के युवा अब ओला, उबर, ज़ोमैटो, स्विगी, अमेज़न, फ्लिपकार्ट और अर्बन कंपनी जैसे प्लेटफ़ॉर्म्स से जुड़कर आय अर्जित कर पा रहे हैं। महिलाएँ भी घर के दायरे से बाहर निकलकर कंटेंट राइटिंग, डिज़ाइनिंग, ट्यूशन और ब्यूटी सर्विस जैसी गिग नौकरियों से जुड़ रही हैं। इससे न सिर्फ़ वित्तीय स्वतंत्रता बढ़ी है, बल्कि सामाजिक भागीदारी भी सशक्त हुई है। अनुमान है कि 2030 तक गिग अर्थव्यवस्था भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 1.25% का योगदान करेगी और लगभग 90 मिलियन रोजगार उत्पन्न कर सकती है।
फिर भी चुनौतियाँ गंभीर हैं। सबसे बड़ी चुनौती नौकरी की असुरक्षा और न्यूनतम आय की गारंटी का अभाव है। हालिया सर्वेक्षण बताते हैं कि 30% से अधिक गिग वर्कर्स यह नहीं जानते कि अगले महीने उनकी कमाई कितनी होगी। यह अस्थिरता उनके जीवन स्तर पर गहरा असर डालती है। दूसरी चुनौती है विनियामक अस्पष्टता। गिग वर्कर्स न तो पूरी तरह कर्मचारी माने जाते हैं और न ही स्वतंत्र ठेकेदार। इस ग्रे जोन में आने के कारण उन्हें श्रम कानूनों की मूल सुरक्षा भी नहीं मिलती। तीसरी समस्या है भुगतान में देरी और पारदर्शिता की कमी। कई बार हफ़्तों तक पेमेंट अटक जाता है, जिससे वर्कर्स ऊँची ब्याज दर वाले अनौपचारिक कर्ज़ पर निर्भर हो जाते हैं।
कौशल विकास का सवाल भी बेहद अहम है। गिग वर्कर्स अधिकतर वही कौशल बार-बार इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनके कॅरियर में आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो जाते हैं। नीति आयोग ने सुझाव दिया है कि व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों और डिजिटल कंपनियों के बीच साझेदारी कर अपस्किलिंग और री-स्किलिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। यह न सिर्फ़ वर्कर्स की कमाई बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें भविष्य की नौकरियों के लिए भी तैयार करेगा।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी भारत के लिए उपयोगी हो सकते हैं। कैलिफोर्निया में गिग वर्कर प्रोटेक्शन एक्ट पारित हुआ, जिसके तहत राइड-हेलिंग कंपनियों को ड्राइवरों को न्यूनतम वेतन और बीमा देना अनिवार्य किया गया। नीदरलैंड और यूरोप के कई देशों में गिग वर्कर्स को डिपेंडेंट कांट्रैक्टर की श्रेणी दी गई है, जिससे वे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का हिस्सा बन सके। भारत भी पोर्टेबल बेनिफिट सिस्टम अपना सकता है, जिसके तहत श्रमिक जहाँ भी काम करें, उनके लाभ जैसे बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य सुरक्षा उनसे जुड़े रहें।
तकनीकी स्तर पर भी कई समाधान सामने आ रहे हैं। कंपनियाँ एआई आधारित शिकायत निवारण प्रणाली विकसित कर रही हैं, जिससे वर्कर्स अपनी समस्या सीधे प्लेटफ़ॉर्म पर दर्ज कर सकें। ब्लॉकचेन तकनीक का उपयोग भुगतान की पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने में किया जा सकता है। यदि ये तकनीकें प्रभावी ढंग से लागू होती हैं तो गिग वर्कर्स का विश्वास कंपनियों पर मज़बूत हो सकता है।
2025 में भारत की गिग अर्थव्यवस्था सिर्फ़ रोजगार का विकल्प नहीं बल्कि सामाजिक-आर्थिक बदलाव का संकेत भी है। युवा वर्ग आज कार्य-जीवन संतुलन और लचीलापन चाहता है। गिग वर्क उन्हें यही विकल्प देता है। लेकिन स्थायी सुरक्षा जाल के बिना यह अवसर कई बार शोषण में भी बदल सकता है। यही कारण है कि विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार, कंपनियाँ और नागरिक समाज मिलकर यदि श्रम सुरक्षा, कौशल विकास और पोर्टेबल लाभ की व्यवस्था लागू करें तो गिग अर्थव्यवस्था भारत की डिजिटल डिविडेंड को एक सशक्त सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन में बदल सकती है।
निष्कर्ष के तौर पर कहा जा सकता है कि भारत की गिग अर्थव्यवस्था अवसर और चुनौती दोनों का संगम है। यह एक तरफ नए रोजगार, उद्यमिता और डिजिटल समावेशन की राह खोलती है, तो दूसरी ओर श्रमिकों की असुरक्षा, आय अस्थिरता और सामाजिक सुरक्षा के संकट को भी सामने लाती है। आने वाले वर्षों में नीति-निर्माताओं की सबसे बड़ी कसौटी यही होगी कि वे इस तेज़ी से उभरते क्षेत्र को कितनी दूर तक औपचारिक और न्यायसंगत बना पाते हैं। यदि गिग वर्कर्स को भी सम्मानजनक कार्य और सुरक्षित जीवन मिल सके, तभी भारत की अर्थव्यवस्था का यह नया चेहरा टिकाऊ साबित होगा।











