अगले वर्ष जयंती मंदिर परिसर में मनाने की घोषणा
विमुक्त समाज के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
नागपुर के खरबी तांडा क्षेत्र में श्री संत सेवालाल महाराज जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने बंजारा समाज को महत्वपूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नागपुर में बंजारा समाज बड़ी संख्या में निवास करता है, लेकिन अपने आराध्य संत के मंदिर से दूर है। जिस समाज की अपने संत पर अपार श्रद्धा हो और वह अपने ही संत के मंदिर में अधिकारपूर्वक पूजा न कर सके, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
पालकमंत्री ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि अगले वर्ष महाराज की जयंती मंदिर परिसर में ही मनाई जाएगी। इसके लिए समाज मंदिर की जमीन संबंधी प्रस्ताव और आवश्यक दस्तावेज उनके पास भेजे, वे स्वयं इस विषय का अनुसरण करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक समाज की इच्छा, आशा और अपेक्षा पूरी नहीं होगी, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे।
कार्यक्रम में रामटेक लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक, महापौर तथा अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। बावनकुळे ने कहा कि बंजारा समाज मेहनती, संस्कारी और मानवतावादी विचारधारा वाला समाज है, जो संत सेवालाल महाराज के आदर्शों पर चलता है। सरकार विमुक्त एवं घुमंतू समाज के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बंजारा समाज के साथ हमेशा खड़ी रहेगी। उन्होंने समाज को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।











