युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे : मोदी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीट में गड़बड़ियों पर अपनी पहली टिप्पणी में मंगलवार को कहा कि पेपर लीक के घोर पाप में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है ताकि कोई भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर सके। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी राज्य सरकारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहिए क्योंकि यह देश के हित का मामला है। उन्होंने राज सांसदों से यह भी कहा कि उन्हें लोगों के साथ प्यार और स्नेह के साथ जुड़े रहना चाहिए तथा युवाओं का भरोसा जीतने की जरूरत है।
मोदी यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इन टिप्पणियों को युवाओं को शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। यह बैठक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में हजारों छात्रों के ‘चलो संसद’ मार्च और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के एक दिन बाद हुई। मंगलवार को आयोजित इस बैठक का नाम ‘मंगल मिलन’ रखा गया था। बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि प्रश्नपत्र लीक की खबर सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। रीजीजू ने कहा, साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए नीट की पुनर्रपरीक्षा को प्राथमिकता दी गई।











