नागपुर में अनिल देशमुख ने साझा की युति और चुनाव रणनीति की रूपरेखा
कांग्रेस–उद्धव गुट से बातचीत जारी – अनिल देशमुख
नागपुर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेता अनिल देशमुख ने युति और आगामी चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हर जिले में स्थानीय नेताओं और जिलाध्यक्षों को निर्णय लेने के पूर्ण अधिकार दिए हैं, ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाई जा सके।
देशमुख ने बताया कि पुणे और पिंपरी–चिंचवड में अजित पवार गुट के साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर चर्चा हुई और इसी दिशा में निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुट कई जगहों पर साथ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं, जिससे युति मजबूत बनेगी।
नागपुर में अनिल देशमुख ने कहा कि कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट के साथ बातचीत जारी है और यदि सम्मानजनक सीटें मिलती हैं, तो महाविकास आघाड़ी के तहत चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं, अमरावती में परिस्थितियों के अनुसार अलग या स्वतंत्र चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला रखा गया है।
देशमुख ने आगे बताया कि मुंबई में शरद पवार गुट, उद्धव ठाकरे गुट और मनसे के बीच बातचीत जारी है और अंतिम निर्णय चर्चा के बाद लिया जाएगा। उनका यह बयान यह दर्शाता है कि आगामी चुनाव में रणनीति और युति पर विचार लगातार जारी हैं, और पार्टी हर परिस्थिति के लिए तैयार है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह बयान महाराष्ट्र की राजनीतिक परिदृश्य में युति और सीट बंटवारे के मसलों को लेकर स्पष्ट संकेत देता है। आगामी दिनों में दोनों गुटों की बैठकों और बातचीत पर सभी की नजरें बनी रहेंगी।











