लोकवाहिनी, संवाददाता:कृष्णानगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए वहां की जनता को बधाई दी और अब तक के मतदान आंकड़ों को परिवर्तन के लिए भारी जनादेश का संकेत बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने नदिया जिले के कृष्णानगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि विधानसभा चुनावों के दौरान हिंसा पिछले 50 वर्षों में न्यूनतम रही है।
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘मैं यहां के सरकारी कर्मचारियों की भी सराहना करता हूं। मुझे अब तक मिली जानकारी के आधार पर, मतदान पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है।’ उन्होंने कहा कि कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है। बरसों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वो अब एक सुर में बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘बंगाल में पिछले 50 वर्षों के चुनावी इतिहास में हिंसा न्यूनतम रही है। अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनादेश बदलाव के लिए होगा। उन्होंने दावा किया कि जब भी भारी संख्या में लोग मतदान करने निकले, भाजपा को निर्णायक जीत मिली है।










