नागपुर:रामटेक तहसील के सोनेघाट क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप लेते हुए 18 वर्षीय युवक की जान ले ली। यह घटना रविवार, 5 अप्रैल की रात करीब 8 बजे सोना ब्रिक्स ईंट भट्ठे पर हुई।
मृतक की पहचान समीर राजू ध्रुव (उम्र 18 वर्ष, निवासी छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद रामनवमी के दौरान 26 मार्च को शुरू हुआ था, जब कुछ युवक गड मंदिर दर्शन के लिए गए थे। मंदिर के बाहर रखी चप्पलों में से एक युवक ने गलती से दूसरे की चप्पल पहन ली, जिससे आपसी कहासुनी शुरू हो गई। अगले दिन इस बात को लेकर विवाद और बढ़ गया, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गया। रविवार की रात यह विवाद फिर उभरकर सामने आया, जब चार युवक शराब के नशे में सोना ब्रिक्स परिसर में पहुंचे और गुस्से में आकर समीर ध्रुव पर विटों और लकड़ियों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल समीर को मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अरविंदकुमार कतलाम के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि किस तरह छोटे-छोटे विवाद हिंसक रूप लेकर जानलेवा बन रहे हैं।








