42 जिला कुश्ती संघों की भागीदारी, 1,300 पहलवानों सहित करीब 1700 लोगों की रहेगी उपस्थिति
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपूर। महाराष्ट्र केसरी केवल एक किताब नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की कुश्ती परंपरा का गौरव है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन इस बार नागपुर में होने से हमें खुशी है। राज्य के सभी प्रतिभाशाली पहलवानों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और महाराष्ट्र की कुश्ती परंपरा का गौरव बढ़ाना हमारा प्रयास रहेगा। उक्त विचार पूर्व सांसद रामदास तडस ने व्यक्त किये। वे पत्रकार परिषद में जानकारी देते समय बोल रहे थे। महाराष्ट्र के कुश्ती जगत की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल वरिष्ठ गट राज्यस्तरीय गादी एवं मिट्टी कुश्ती चैंपियनशिप तथा महाराष्ट्र केसरी किताब के लिए होने वाला मुकाबला वर्ष 2026-27 में नागपुर में आयोजित किया जाएगा।
नागपुर महानगरपालिका के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित अमृत महोत्सव वर्ष के अवसर पर इस प्रतियोगिता के माध्यम से विदर्भ सहित पूरे महाराष्ट्र के कुश्ती खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ, नागपुर शहर जिला कुश्तीगीर संघ और नागपुर महानगरपालिका के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 20 से 24 जनवरी 2027 तक सरदार वल्लभभाई पटेल (कच्छी विसा) मैदान में आयोजित होगी। यह जानकारी सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्ल्या) बोरकर और महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ के अध्यक्ष व पूर्व सांसद रामदास तडस ने पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर उपमहापौर लीला हाथीबेड़, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी खकरे, क्रीड़ा विशेष समिति सभापति दर्शनी धवड, महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ के महासचिव हिंद केसरी योगेश दोडके, दयाराम भोतमांगे, मनपा के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर, रमेश खोडे, संदीप खरे, अविनाश लोखंडे और संजय तिरष्कर सहित कुश्ती संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
युवाओं को नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश
इस प्रतियोगिता के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति और शारीरिक सौष्ठव का संदेश देना तथा समाज में जागरूकता पैदा करना है। नागपुर शहर जिला कुश्तीगीर संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संदीप जोशी ने इस प्रतियोगिता का आयोजन नागपुर में करने का अनुरोध महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ से किया था। इसके बाद संघ की वार्षिक आमसभा में प्रस्ताव पारित कर नागपुर में प्रतियोगिता आयोजित करने को आधिकारिक मंजूरी दी गई। इस आयोजन में महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीला हाथीबेड़, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी खकरे, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्ल्या) बोरकर, विपक्ष के नेता संजय महाकाळकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, अंकित और मुरुगानंधम, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विभाग के उपायुक्त मंगेश खवले सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिल रहा है.















