34 मासूम बच्चे और एक टीचर शामिल
पेशावर। पाकिस्तान के पेशावर स्थित दीर कॉलोनी इलाके में गुरुवार को एक निजी स्कूल की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है, जिनमें 34 मासूम छात्र और एक महिला शिक्षिका शामिल हैं। जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम थी। इस दुर्घटना में 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निजी स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आपातकाल घोषित कर दिया गया है और ट्रॉमा वार्ड में अतिरिक्त डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया है।














