अब हम टैरिफ से खूब कमा रहे, फिर भी डील करेंगे क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी मेरे अच्छे मित्र हैं : ट्रंप
वॉशिंगटन डीसी, एजेंसी:अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और उन्हें विश्वास है कि अमेरिका तथा भारत के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय) में पत्रकारों से कहा, “हम समझौते तक पहुंच जाएंगे क्योंकि मैं प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) को बहुत पसंद करता हूं। वह मेरे अच्छे मित्र हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और हम एक समझौता करने जा रहे हैं।”
दोनों देशों के बीच जारी व्यापार वार्ताओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि भारत ने अमेरिका पर ऊंचे टैरिफ लगाए और उसका फायदा उठाया। ट्रंप ने दावा किया कि अब स्थिति बदल गई है और अमेरिका भारत से अच्छी कमाई कर रहा है। इस सप्ताह की शुरुआत में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत गया था और दोनों देशों के बीच अंतरिम द्विपक्षीय समझौते पर चार दिनों तक चली वार्ता बृहस्पतिवार को समाप्त हुई।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि ये व्यापार वार्ताएं सहयोग और व्यावहारिकता की भावना से हुई तथा दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाले पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ट्रंप ने हार्ले-डेविडसन मोटरसाइकिल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऊंचे आयात शुल्क के कारण इस प्रतिष्ठित अमेरिकी कंपनी के लिए भारत में अपनी मोटरसाइकिलें बेचना मुश्किल हो गया था।













